शांति व्यवस्था भंग करने पर 08 लोगों को किया न्यायालय में पेश
Betul Ki Taja Khabar/मुलताई। थाना मुलताई पुलिस ने क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से प्रभावी कार्रवाई करते हुए कुल 08 व्यक्तियों के विरुद्ध बीएनएसएस की विभिन्न धाराओं के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर उन्हें माननीय न्यायालय में पेश किया। कार्रवाई अलग-अलग घटनाओं में गाली-गलौज, हंगामा एवं मारपीट की स्थिति उत्पन्न करने पर की गई। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 21 मई को डायल-112 के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि महाकाल ढाबा, मुलताई के पास कुछ युवक आपस में गाली-गलौज और मारपीट कर रहे हैं। सूचना पर थाना मुलताई पुलिस मौके पर पहुँची, जहां छह लोग विवाद करते मिले। घटना के चलते आसपास लोगों की भीड़ जमा हो गई थी। पुलिस एवं उपस्थित लोगों द्वारा समझाइश देने के बावजूद संबंधित युवक शांत नहीं हुए और आपस में मारपीट पर उतारू हो गए। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने घेराबंदी कर अभिषेक उर्फ बिट्टू गुलबाके निवासी सर्रा, निखिल खंडाग्रे, गुरूसेवक कवड़े, अनिकेत बोडखे, विनोद कवड़े एवं रोहित बराठे निवासी सोनोली को हिरासत में लिया। सभी के विरुद्ध धारा 170, 126 एवं 135 बीएनएसएस के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर न्यायालय में पेश किया गया।
Betul Ki Khabar: मानव जीवन का अस्तित्व पूरी तरह जैव विविधता पर टिका
वहीं दूसरी घटना में जय स्तंभ स्थित काली मंदिर मोड़ के पास एक व्यक्ति द्वारा पत्नी की शिकायत को लेकर सार्वजनिक स्थान पर गाली-गलौज और हंगामा करने की सूचना पुलिस को मिली। मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने समझाइश दी, लेकिन व्यक्ति शांत नहीं हुआ। पूछताछ में उसकी पहचान अभिमन्यु बुआड़े 33 निवासी परसठानी के रूप में हुई। उसके विरुद्ध भी बीएनएसएस की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई कर न्यायालय में पेश किया गया।
तीसरी घटना नागपुर रोड क्षेत्र की है, जहां एक व्यक्ति मेरी रिपोर्ट किसने की” कहते हुए राहगीरों के बीच गाली-गलौज और हंगामा कर रहा था। पुलिस मौके पर पहुंची तो संबंधित व्यक्ति उत्तेजित अवस्था में मिला। समझाइश के बावजूद वह शांत नहीं हुआ, जिस पर पुलिस ने उसे हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम शिवाजी डोंगरदिये 48 निवासी चंदोराखुर्द बताया। उसके विरुद्ध भी धारा 170, 126 एवं 135 बीएनएसएस के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर न्यायालय में पेश किया गया।
थाना मुलताई पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था भंग करने वालों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

