ढाई लाख लीटर क्षमता की पेयजल टंकी का भी कार्य हुआ पूर्ण, ग्रीष्मकाल में नही होगी परेशानी
BETUL NEWS/मुलताई। वर्षों से ग्रीष्मकाल में जल संकट का सामना करने वाले रामनगर वासियों को अब जल संकट से निजात मिलने जा रही है जिसके तहत उन्हे रामनगर में ही विधिवत पेयजल टंकी से जल प्रदाय किया जाएगा। इसके लिए नगर पालिका द्वारा रेलवे क्रासिंग कर पाईप लाईन की फिटिंग का कार्य भी पूर्ण कर लिया गया है। बताया जा रहा है नगर पालिका लंबे समय से रेलवे पटरी के उस पार रामनगर होने से पाईप लाईन की फिटिंग नहीं कर पा रही थी जिसके बाद नगर पालिका अध्यक्ष वर्षा गढ़ेकर द्वारा रेलवे के अधिकारियों से बार बार चर्चा के बाद समस्या का हल निकला और पटरी के नीचे से पाईप लाईन क्रासिंग कर रामनगर तक ले जाई गई। पाईप लाईन फिटिंग तथा पेयजल टंकी निर्माण से इस वर्ष रामनगर वासियों को राहत मिलेगी। पूर्व में रेलवे पटरी के कारण पाईप लाईन रामनगर तक नहीं होने से निवासियों को पेयजल के लिए टेंकरों का सहारा लेना पड़ता था वहीं नगर पालिका भी पानी के टेंकरों से जलापूर्ति करती थी। इधर ग्रीष्मकाल में स्थिति अत्यंत गंभीर हो जाती थी जिससे प्रतिवर्ष रामनगर वासियों को पानी के लिए परेशान होना पड़ता था।। नपाध्यक्ष वर्षा गढ़ेकर ने बताया कि भारी मशक्कत के बाद रेलवे से एचडीडी लाईन आधुनिक मशीनों के द्वारा पटरी के नीचे से ले जाकर फिट की गई जिसके लिए नगर पालिका द्वारा 20 लाख रूपए की राशि व्यय की गई। उन्होने बताया कि भविष्य में अब रामनगर वासियों को पानी के लिए भटकना नही पड़ेगा तथा हरदौली बांध से सीधे उन्हे पानी की सप्लाई मिलेगी।
रेलवे ने बताया था एक करोड़ का खर्च
मुलताई से चंदोरा रोड स्थित रामनगर के बीच रेलवे पटरी होने से उक्त क्षेत्र में पाईप लाईन के माध्यम पानी ले जाना संभव नही हो रहा था। इसके लिए रेलवे के नियम कानून आड़े आ रहे थे जिससे दिनों दिन यह समस्या विकराल होती जा रही थी। पूर्व में जब पाईप लाईन के प्रयास किए गए थे तो रेलवे द्वारा इसमें लगभग एक करोड़ रूपए का खर्च बताया जा रहा था जिसे पूर्व की परिषदों द्वारा पाईप लाईन फिटिंग नही कराई जा सकी। वर्तमान में नगर पालिका अध्यक्षा वर्षा गढ़ेकर द्वारा सतत रेलवे अधिकारियों से संपर्क स्थापित कर राशि कम कराने की भी मांग की जाती रही जिसके बाद रेलवे की टीम ने मुलताई पहुंचकर उक्त क्षेत्र का सर्वे किया गया। इसके बाद रेलवे द्वारा लगभग 20 लाख रूपए के व्यय में ही पाईप लाईन फिटिंग की अनुमति दे दी गई।

Betul News Today: कर वसूली को लेकर नगर पालिका सख्त
रेलवे की अनुमति मिलते ही तत्काल हुआ कार्य प्रारंभ
रामनगर में पाईप लाईन फिटिंग की रेलवे से अनुमति मिलते ही नगर पालिका द्वारा तत्काल औपचारिकताएं पूर्ण कर पाईप लाईन फिटिंग का कार्य प्रारंभ करा दिया गया। जिसमें आधुनिक मशीनों से बिना रेलवे की भूमि को क्षति पहुंचाए नीचे से पाईप लाईन बिछाने का कार्य किया गया। इसके लिए रामनगर में लगभग ढाई लाख लीटर क्षमता की 18 लाख रूपए की लागत से टंकी का निर्माण किया गया। इसके अतिरिक्त पानी सप्लाई के लिए लगभग 20 लाख की लागत से पाईप लाईन बिछाई गई। वर्तमान में पेयजल टंकी सहित पाईप लाईन फिटिंग का कार्य पूर्ण हो चुका है जिससे आगामी ग्रीष्मकाल के पूर्व ही रामनगर में पानी की सप्लाई प्रारंभ कर दी जाएगी। इधर जल संकट से निजात मिलने की खबर मिलते ही वर्षों से जल संकट से जूझ रहे रामनगरवासियों ने हर्ष जताते हुए नगर पालिका का आभार व्यक्त किया है।
इनका कहना है-
रेलवे क्रासिंग कर पाईप लाईन फिटिंग का कार्य एवं रामनगर में पेयजल टंकी निर्माण का कार्य पूर्ण हो चुका है। शीघ्र ही रामनगर वासियों को पेयजल सीधे हरदौली से प्रदाय किया जाएगा।
योगेश अनेराव उपयंत्री नगर पालिका मुलताई।

