Betul News: खैरवानी पंचायत में सामुदायिक भवन की राशि से मोक्षधाम में बना दिया टीन शेड

By betultalk.com

Published on:

Follow Us
                                                      बिना सक्षम अधिकारी के आदेश के सचिव ने कराया निर्माण

Betul News/मुलताई:- ग्राम पंचायत खैरवानी में विकास कार्यों को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। मुख्यमंत्री ग्राम सड़क एवं अधोसंरचना योजना के तहत गांव में टीन शेड युक्त सामुदायिक भवन निर्माण के लिए लगभग 7 लाख रुपए की राशि स्वीकृत की गई थी, लेकिन पंचायत सचिव ने नियमों को ताक पर रखकर इस कार्य का स्थान मनमाने ढंग से बदल दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार सामुदायिक भवन गांव में बनने के बजाय मोक्षधाम में टीन शेड युक्त बैठक व्यवस्था तैयार कर दी गई। इस बदलाव के लिए न तो किसी सक्षम अधिकारी से अनुमति ली गई और न ही इसकी सूचना उच्च स्तर पर दी गई। मामला तब उजागर हुआ जब सूचना के अधिकार के तहत जानकारी मांगी गई। शुरुआत में सचिव द्वारा जानकारी देने में टालमटोल की गई। अपील के बाद मुख्य कार्यपालन अधिकारी द्वारा फटकार लगाए जाने पर जो जानकारी सामने आई, उसमें कथित अनियमितता और गुमराह करने वाले तथ्य सामने आए। आरोप है कि सचिव ने भ्रष्टाचार की मंशा से सामुदायिक भवन के निर्माण स्थल में बदलाव कर दिया। जब इस संबंध में उनसे सवाल किया गया तो पहले उन्होंने मामले से इंकार किया, बाद में कहा कि यह बदलाव विधायक के कहने पर किया गया।

गांव की उपयोगिता के लिए स्वीकृत भवन का मोक्षधाम में निर्माण

ग्रामीणों के सार्वजनिक कार्यों के लिए सामुदायिक भवन का निर्माण किया जाना था जिसे मोक्षधाम की भूमि में स्थल बदलकर निर्माण किया जा रहा है। यहां सवाल यह खड़ा होता है कि ग्रामीणों के सार्वजनिक कार्यों की समस्या वहीं के वहीं है जिससे बारिश में परेशानी होगी। मोक्षधाम में बैठक व्यवस्था के लिए अलग से विधायक निधि होती है इसके बावजूद सार्वजनिक कार्यों के उपयोग के भवन का स्थान परिवर्तन करने से ग्रामीणों को लाभ नहीं मिलेगा और जब मोक्षधाम के लिए राशि आएगी उसका उपयोग फिर कहां किया जाएगा इसका जवाब सचिव के पास नहीं है।

Betul Ki Khabar: 7–8 एकड़ गेहूं की फसल में भीषण आग, किसानों को भारी नुकसान

क्या कहते हैं नियम

निर्माण कार्य के स्थान में किसी भी प्रकार का परिवर्तन करने के लिए सक्षम अधिकारी की पूर्व स्वीकृति लेना अनिवार्य होता है। बिना अनुमति इस तरह का बदलाव करना नियमों के विरुद्ध है दस्तावेजों के अनुसार, 500 रुपये के स्टाम्प पर सरपंच द्वारा सामुदायिक भवन निर्माण का अनुबंध किया गया था, लेकिन वास्तविकता में मोक्षधाम में टीन शेड निर्माण किया गया, जिससे पंचायत में वित्तीय अनियमितता और भ्रष्टाचार के आरोप और गहराते नजर आ रहे हैं। इस पूरे मामले ने पंचायत की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों ने निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

इनका कहना है

सामुदायिक भवन के लिए गांव में जगह नहीं होने से इसे मोक्षधाम में निर्माण कराया गया है जिसके लिए विधायक द्वारा अनुमति दी गई है।
मुकेश बारंगे पंचायत सचिव खैरवानी

Leave a Comment