Betul News- चिलचिलाती धूप, भीषण गर्मी में भी शादियों में जाने की मजबूरी

By betultalk.com

Published on:

Follow Us
                                                 बसों में नजर आ रही भीड़, रोड पर नजर आ रही वाहनों की कतारें

Betul News/मुलताई। नगर में इस वर्ष पिछले वर्षों की अपेक्षा गर्मी ने अप्रैल माह में रिकार्ड तोड़ दिया है। सुबह से ही उमस एवं गर्मी प्रारंभ हो जाती है तथा धूप का कहर शाम 6 बजे तक कम नहीं होता है। ऐसे हालातों में लोगों को जहां घरों में एसी, कूलर एवं पंखों से निकलने की इच्छा नही होती लेकिन फिलहाल शादियों के सीजन के कारण यह आराम छोड़कर चिलचिलाती धूप एवं गर्मी में भागना पड़ रहा है। नगर के बस स्टेंड पर विपरित हालातों के बावजूद भारी भीड़ नजर आ रही है। बसों की राह देख रहे यात्री गंतव्य पर जाने के लिए बसों के आते ही बसों में चढ़ने की होड़ लगा रहे हैं। तेज धूप में खड़े होकर बसों एवं अन्य साधनों की राह देख रहे हैं, बच्चे परेशान हो रहे हैं लेकिन शादियों में जाना भी जरूरी है इसलिए तकलीफ सहन करना पड़ रहा है। नगर में भीषण गर्मी के बावजूद शादियों के सीजन के कारण वाहनों की भारी आवाजाही लगी हुई है तथा स्थिति ट्रैफिक जाम की बन रही है। दो पहिया, चार पहिया वाहनों की कतारें लगी हुई है तथा लगातार दुर्घटनाएं भी हो रही है। इधर नगर के सभी मैरिज लान में लोगों का हुजुम नजर आ रहा है जिससे तपती दोपहर में भी नगर में भारी गहमा गहमी देखी जा सकती है।

मजबूरी है पर जाना जरूरी है

अप्रैल माह के मध्य से शादियों का सीजन प्रारंभ हुआ है और इसी दौरान भीषण गर्मी पड़ रही है ऐसी स्थिति में नही चाहते हुए भी लोगों को रिश्तेदारों के यहां शादियों में जाना ही पड़ रहा है। गर्मी इतनी भीषण है कि लू का प्रकोप चल रहा है यह जानते हुए भी सामाजिक रस्मों रिवाज के चलते लोग शादियों में पहुंच रहे हैं। बड़ी संख्या में लोगों ने बताया कि गर्मी तो इतनी बेतहाशा है कि घर से निकलने का मन नही करता लेकिन मजबूरी है शादियों में जाना जरूरी है इसलिए मौसम की परवाह नही कर सकते। बताया जा रहा है कि चिलचिलाती धूप में बच्चे भी सफर करने को मजबूर हैं वहीं स्कूलों से गर्मी के कारण अवकाश मिलने का भी उन्हे फायदा नहीं हो रहा है।

Read Also:- आशुतोष मालवीय की नक्शा सुधार समस्या पर कलेक्टर डॉ. सोनवणे ने 2 सप्ताह में समाधान के दिए कड़े निर्देश

ट्रैफिक जाम में हालत हो रही पस्त

शादियों के सीजन में सबसे अधिक यदि ट्रेफिक का दबाव होता है तो वह है नगर का मुख्य मार्ग जहां पल पल में वाहनों की आवाजाही के कारण जाम लग रहा है। भीषण गर्मी तथा चिलचिलाती धूप में यदि ट्रेफिक जाम हो जाता है तो वाहनों में बैठे लोगों की मानो आफत ही हो जाती है। कई बार तो लंबा जाम लग जाता है जिससे खत्म होने में लंबा समय लगता है फिलहाल अप्रैल माह के अंत से लेकर मई माह के प्रारंभ तक शादियों का सीजन होने से यही हालात बने रहने के आसार नजर आ रहे हैं। जानकारों ने बताया कि यदि अप्रैल माह में गर्मी का कहर इतना अधिक है तो मई माह में गर्मी के हाल क्या होंगे इसका अंदाजा सहज ही लगाया जा सकता है।

Leave a Comment