Betul Daily News- ठेकेदार के नखरों से अधिकारी परेशान, स्लूज गेट का काम अधर में…

By betultalk.com

Published on:

Follow Us
                                               बैठक में उठा मुद्दा,बारिश के पूर्व काम नहीं हुआ तो होगी परेशानी

Betul Daily News/मुलताई। ताप्ती सरोवर में बारिश के पूर्व स्लूज गेट का काम पूर्ण होना जरूरी है अन्यथा बारिश में श्रृद्धालुओं को परेशानी होगी। लेकिन बताया जा रहा है कि स्लूज गेट निर्माण का ठेका लेने वाला ठेकेदार लगातार नखरे दिखा रहा है जिससे अधिकारी भी परेशान हो चुके हैं ऐसी स्थिति में स्लूज गेट का काम फिलहाल अधर में लटका हुआ नजर आ रहा है । मंगलवार आयोजित नपा के विशेष सम्मेलन में पार्षद अजय यादव द्वारा स्लूज गेट निर्माण का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया जिस पर सीएमओ वीरेंद्र तिवारी ने ठेकेदार द्वारा सहयोग नहीं करने तथा लगातार नखरे करने के संबंध में जनप्रतिनिधियों को अवगत कराया।

सीएमओ तिवारी ने बताया कि टेंडर हुए 2 माह से अधिक हो गए जिसमें ठेकेदार द्वारा काम लेने के बावजूद टाला मटोली की जा रही है। ठेकेदार को काम चालू करने के लिए कई नोटिस दिए जा चुके हैं इसके बावजूद वह काम नहीं कर रहा है तथा नए नए बहाने कर रहा है। उन्होंने बताया कि ठेकेदार के नखरों से तंग आ चुके हैं ऐसी स्थिति में मजबूरन ठेकेदार को नपा द्वारा ब्लैक लिस्टेड किया जा सकता है।

कलेक्टर ने कहा ठेकेदार काम नहीं कर रहा तो ब्लैक लिस्टेड करें

पूरे मामले में पूर्व में मुलताई पहुंचे कलेक्टर को जब नागरिकों ने समस्या से अवगत कराया तो उन्होंने सीएमओ तिवारी से कहा था कि अंतिम नोटिस देने के बावजूद ठेकेदार काम नहीं करे तो उसे ब्लैक लिस्टेड कर दें। बताया जा रहा है कि ठेकेदार काम प्रारंभ करने के पहले ही डोम का हिस्सा हटाने फिर काम चालू करने सहित विभिन्न शर्ते अधिकारियों के सामने रख रहा है। उपयंत्री महेश शर्मा ने बताया कि नगर पालिका ठेकेदार को लगातार सहयोग कर रही है ताकि स्लूज गेट का निर्माण कार्य प्रारंभ हो सके लेकिन ठेकेदार है कि लगातार विलंब कर रहा है।

Read Also: सांडिया में सरकारी जमीन पर पेड़ कटाई के दौरान खुला अवैध खनन का मामला, तहसीलदार से कार्रवाई की मांग

पानी जमा होने से जर्जर हो गया है ताप्ती मंदिर

वर्षों से स्लूज गेट क्षतिग्रस्त पड़ा हुआ है जिससे बारिश के दौरान सरोवर पूरा भरने के बाद पानी की व्यवस्थित निकासी नहीं होने से ताप्ती मंदिर और मंदिर मार्ग पर लगातार पानी जमा रहता है। मंदिर के गर्भगृह से लेकर सभी हिस्सों में पानी जमा रहने से जहां मंदिर कुछ वर्षों में अत्यधिक जर्जर हो चुका है वहीं श्रृद्धालु बारिश में मंदिर के अंदर प्रवेश नहीं कर सकते। यहां तक कि पुजारियों को भी मां का श्रृंगार और पूजन पानी में खड़े रहकर ही करना पड़ता है। उक्त समस्या से मंदिर के पिछले हिस्से में ट्रस्ट द्वारा श्रृद्धालुओं का प्रवेश निषेध कर दिया गया है। यदि इस बारिश के पूर्व स्लूज गेट का निर्माण नहीं हुआ तो सीधे एक वर्ष बाद ही काम हो सकेगा तथा बारिश के दौरान समस्या बढ़ सकती है।

Leave a Comment