Betul News Today/मुलताई। शिकायत मिलने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने पारे गांव रोड स्थित एक दांतों के दवाखाने पर मंगलवार दोपहर करीब 3:30 बजे छापामार कार्रवाई की। जांच के दौरान आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर टीम ने पंचनामा बनाकर क्लिनिक को सील कर दिया। जानकारी के अनुसार जांच टीम में बीएमओ गजेंद्र मीणा, चंदन भलावी एवं आरक्षक गोपाल सिंह परिहार सहित अन्य सदस्य शामिल थे। टीम ने क्लिनिक पहुंचकर दस्तावेजों की जांच की, जहां कई अनियमितताएं पाई गईं। जांच के दौरान टीम ने एलोपैथिक दवाइयां भी जब्त कीं।
बीएमओ गजेंद्र मीणा ने बताया कि सीएमएचओ के मार्गदर्शन में टीम जांच करने पहुंची थी। जांच के दौरान क्लिनिक संचालक विजय सिंह राठौड़ दस्तावेज लाने की बात कहकर वहां से चला गया, लेकिन करीब एक घंटे तक वापस नहीं लौटा। स्टाफ द्वारा फोन पर संपर्क करने का प्रयास भी किया गया, लेकिन संपर्क नहीं हो सका।
दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने और संपर्क नहीं होने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने पंचनामा तैयार कर क्लिनिक को सील करने की कार्रवाई की। मामले की जांच जारी है।
Betul Samachar- चना खरीदी केंद्र में गड़बड़ी की शिकायत सही, केंद्र प्रभारी निलंबित

