Betul Accident News :- शहर के सोनाघाटी इलाके में बीती रात दो बाइक टकराने से हुए हादसे में एक वेल्डर की मौत हो गई। जबकि दूसरी बाइक चला रहा युवक और उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को रात करीब 11 बजे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जबकि मृतक का पीएम करवाया जा रहा है।
जिला अस्पताल पुलिस चौकी के प्रभारी सुरेंद्र वर्मा के मुताबिक मृतक राजेश पिता भोपत चौधरी (54) भग्गू ढाना स्थित ग्रीन सिटी में रहता था। रात करीब दस बजे वह बाइक से पाढर की ओर से आ रहा था। इसी दौरान बैतूल की तरफ से बाइक से जा रहे युवक आशीष मसकोले और राजेश की बाइक की आमने सामने से टक्कर हो गई।
इस टक्कर में राजेश के सिर में गंभीर चोट आई थी। उसे जिला अस्पताल लाया गया। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। इधर हादसे में घायल आशीष और अश्विनी का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। इधर, बताया जा रहा है कि मृतक इस हादसे में बुरी तरह घायल हुआ था। उसके जबड़े टूट गए थे और सिर में गंभीर चोट आई थी।