कृषि उपकरण सहित भूसा जलकर खाक
Betul Samachar News/मुलताई। सोमवार दोपहर लगभग 1:43 बजे ग्राम पारडसिंगा में खेत में बने जानवरों के कोठे में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते कोठे में रखा कृषि सामान एवं पशुओं से संबंधित सामग्री इसकी चपेट में आ गई। घटना में लाखों रुपए के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कचरू धूनंदा के खेत में बने जानवरों के कोठे में अज्ञात कारणों से आग लग गई। आग लगने से कोठे में रखे कृषि उपकरण, सिंचाई पाइप, मोटर, इंजन एवं दो ट्रॉली भूसा जलकर खाक हो गया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास के लोग भी मौके पर एकत्र हो गए और आग बुझाने के प्रयास में जुट गए। आग ने पास स्थित भोजराव केवलराव के खलिहान को भी अपनी चपेट में ले लिया, जिससे वहां रखा पशुचारा एवं मक्के का कड़वा जल गया। घटना के बाद ग्रामीणों में हड़कंप की स्थिति बन गई। ग्रामीणों द्वारा तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची। फायर ड्राइवर मनोज सिंह एवं फायरमेन गिरीश पीपले, सुमित पुरी ने कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया, जिससे आसपास के खेतों में आग फैलने से रोका जा सका। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। ग्रामीणों द्वारा शॉर्ट सर्किट अथवा अन्य कारणों की आशंका जताई जा रही है। घटना में हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
Accident News- पीछे से आ रही बाइक ने सामने जा रही बाइक को मारी टक्कर, दो युवक घायल

