युवाओं ने निकाली वाहन रैली, नगर भ्रमण में वरिष्ठजन भी हुए शामिल
Betul Daily News/चिचोली। वरिष्ठ लेखक, चिंतक एवं सम्यक अभियान के प्रमुख भास्कर राव रोकडे के नेतृत्व में निकाली जा रही इंदिरा ज्योति यात्रा एवं “चले रामराज्य की ओर” अभियान यात्रा का चिचोली ब्लॉक में भव्य स्वागत किया गया। मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान में निकाली जा रही यह यात्रा पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की 108वीं जन्म जयंती वर्ष के अवसर पर आयोजित की जा रही है।
चिचोली ब्लॉक में ब्लॉक कांग्रेस ग्रामीण अध्यक्ष सुभाष यादव एवं शहर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल पटेल के नेतृत्व में यात्रा का जगह-जगह स्वागत किया गया। सर्व प्रथम ग्राम चिरापटला में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने यात्रा का स्वागत किया।
इसके बाद चिचोली नगर सीमा से सटे ग्राम गोंडमंडई स्थित श्री राम कुटिया में कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने यात्रा का जोरदार स्वागत किया। इस अवसर पर पूर्व मंडी अध्यक्ष राजेंद्र जायसवाल, पूर्व जनपद उपाध्यक्ष बटनु पटेल, कांग्रेस नेता अशोक राठौर, रमेश काकोड़िया, पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष विजय आर्य, नेकराम यादव, सुरका सिंह, मदन मोहन शुक्ला, पार्षद सुरेश आर्य, युवा नेता सोनू जायसवाल, ब्लॉक कांग्रेस प्रभारी नवनीत आर्य, पार्षद रोहित आर्य सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मोटरसाइकिल एवं कार रैली में शामिल हुए।
Also Read :- राज्यपाल पटेल के प्रस्तावित भीमपुर दौरे की तैयारियों का कलेक्टर ने किया निरीक्षण
वाहन रैली गोंडू मंडई से प्रारंभ होकर पिजांरापुरा, बाजार चौक, शनीचरा मोहल्ला, भोले चौक, बस स्टैंड होते हुए जय स्तंभ चौक पहुंची, यहाँ आयोजित आमसभा सभा मे यात्रा का नेतृत्व कर रहे भास्कर राव रोकडे ने कहा कि यदि समाज में हर ओर अत्याचार, लूट और परेशानियां हैं, तो वास्तविक रामराज्य की स्थापना अभी बाकी है। उन्होंने कांग्रेस की सरकार बनाकर रामराज्य की स्थापना का संकल्प लेने की बात कही। इस अवसर पर उनके सहयोगी डॉ. वेद प्रकाश गर्ग भी उपस्थित रहे। पूर्व ब्लाक कांग्रेश अध्यक्ष विजय आर्य ने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी एवं गांधी परिवार के देश के प्रति योगदान और बलिदान का उल्लेख किया
कार्यक्रम के पश्चात नगर सीमा स्थित रामदिन ढाबा पर कार्यकर्ताओं के लिए स्वल्पाहार की व्यवस्था की गई। इसके बाद यात्रा को विदाई दी गई। अंत में शहर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल पटेल एवं ब्लॉक कांग्रेस ग्रामीण अध्यक्ष सुभाष यादव ने सभी उपस्थितजनों का आभार व्यक्त किया।

