लायंस क्लब ने मानवीय संवेदनाएं दिखाते हुए पीड़ित परिवार को किया आवश्यक वस्तुओं का सहयोग

By betultalk.com

Published on:

Follow Us
                                       बिसनूर अग्निकांड में बर्बाद परिवारों के लिए बढ़ चढ़ कर की जा रही सहायता

Betul Samachar/मुलताई। प्रभातपट्टन विकासखंड के ग्राम बिसनूर में बुधवार दोपहर हुए भीषण अग्निकांड ने चार परिवारों की वर्षों की मेहनत और जीवनभर की जमा-पूंजी को कुछ ही घंटों में राख में बदल दिया। बाजार चौक क्षेत्र में लगी आग इतनी विकराल थी कि देखते ही देखते कच्चे मकान उसकी चपेट में आ गए। आग की शुरुआत धोटे के भूसे के ढेर से हुई बताई जा रही है, जहां से तेज हवाओं के कारण लपटें तेजी से फैलीं और आसपास के मकानों तक पहुंच गईं।

इस हादसे में मकानों में रखा अनाज, कपड़े, फर्नीचर, बर्तन, नगद राशि, महत्वपूर्ण दस्तावेज, गृहस्थी का संपूर्ण सामान, ट्रैक्टर, बाइक, साइकिल सहित अन्य आवश्यक सामग्री जलकर नष्ट हो गई। अचानक आई इस आपदा से प्रभावित परिवारों के सामने दैनिक जीवन की आवश्यकताओं का संकट खड़ा हो गया।

घटना की जानकारी मिलने पर लायंस क्लब मुलताई ने तत्काल मानवीय संवेदनाओं का परिचय देते हुए पीड़ित परिवारों की सहायता का निर्णय लिया। क्लब के सदस्यों ने आवश्यक सामग्री एकत्रित कर प्रभावित परिवारों तक पहुंचाई। सहायता सामग्री में तेल, नमक, मिर्च, धनिया, हल्दी, गेहूं, चावल, दाल, दैनिक उपयोग के बर्तन, दवाइयां, प्लास्टिक के डिब्बे एवं बोतलें, साड़ियां, पेटीकोट, पुरुषों के वस्त्र, चादर, कंबल एवं अन्य आवश्यक घरेलू सामग्री शामिल थी।

BETUL NEWS-दूषित पानी के विरोध में वार्डवासियों का प्रदर्शन, नपा कार्यालय पहुंचकर जताया आक्रोश

लायंस क्लब के सदस्यों ने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना तथा उन्हें विश्वास दिलाया कि संकट की इस घड़ी में समाज उनके साथ खड़ा है। सदस्यों ने कहा कि प्राकृतिक एवं आकस्मिक आपदाओं के समय सामाजिक संगठनों और नागरिकों का दायित्व है कि वे जरूरतमंदों की सहायता के लिए आगे आएं। क्लब द्वारा अपनी सामर्थ्य अनुसार तत्काल राहत सामग्री उपलब्ध कराई गई ताकि प्रभावित परिवारों को दैनिक जरूरतों के लिए परेशान न होना पड़े। इस सेवा कार्य में लायंस क्लब मुलताई के नमन अग्रवाल, योगेश पटेल, अभिषेक अग्रवाल, नीरज ठाकरे, दीपेश बोथरा, सचिन ठाकुर, डॉ. संदीप बर्डे, रवि खाड़े, जयेश संघवी, प्रकाश खड़के, आशीष जैन, महेश नायक,उमंग अग्रवाल ‘ अश्विनी धोटे शोभित भार्गव सुनील जैन सहित राजेश पाठक रमेश आजाद मुलताई के रूपेश जैन आदि लोगों का विशेष सहयोग रहा। क्लब के इस सेवा कार्य की ग्रामीणों ने सराहना करते हुए इसे मानवीय संवेदनाओं और सामाजिक उत्तरदायित्व का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।

पूरे जिले से मिल रहा सेवाभावी लोगों का सहयोग

पीड़ित परिवारों के लिए पूरे जिले से सेवाभावी लोग अपनी सामर्थ्य के अनुसार सहयोग कर रहे हैं जिससे सहयोग की मिसाल कायम हो रही है। जनप्रतिनिधियों सहित धार्मिक, सामाजिक संगठनों सहित सेवाभावी लोग निरंतर बिसनूर
पहुंच रहे है तथा यथाशक्ति सहायता कर रहे हैं। आकस्मिक आपदा के तहत परिवार अपना सब कुछ खो चुके हैं लेकिन गनीमत यह रही कि कोई जन हानि नहीं हुई। हालांकि परिवार ने जो खोया है वह सब वापस नहीं लौटाया जा सकता लेकिन उसकी कुछ हद तक क्षति पूर्ति की जा सकती है। इधर जनप्रतिनिधियों के द्वारा शासन से भी सहयोग का प्रयास किया जा रहा है ताकि पीड़ितों को राहत मिल सके।

Leave a Comment