विश्व पृथ्वी दिवस एवं विश्व पुस्तक दिवस पर विशेष व्याख्यान एवं वृत्तचित्र का प्रदर्शन
Betul Ki Khabar/मुलताई। स्थानीय शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय मुलताई में स्वामी विवेकानंद कैरियर मार्गदर्शन प्रकोष्ट के द्वारा गुरुवार प्राचार्य डॉ. कमलेश कुमार सरिया के संरक्षण में विश्व पृथ्वी दिवस एवं विश्व पुस्तक दिवस के उपलक्ष्य में एक गरिमामयी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने और स्वाध्याय की प्रवृत्ति विकसित करने के उद्देश्य से विशेष व्याख्यान एवं वृत्तचित्र फिल्म का प्रदर्शन किया गया। प्राचार्य डॉ. कमलेश कुमार सरिया ने कहा कि महाविद्यालय का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को सामाजिक और पर्यावरणीय जिम्मेदारियों के प्रति सजग बनाना भी है।
पर्यावरण असुंतलन पर चिंता व्यक्त
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता डॉ. अनुज डोनीवाल ने अपने सारगर्भित व्याख्यान में पृथ्वी के बढ़ते तापमान और पर्यावरण असंतुलन पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि पृथ्वी हमारा एकमात्र घर है, और इसकी रक्षा करना किसी एक व्यक्ति का नहीं बल्कि पूरी मानवता का सामूहिक उत्तरदायित्व है। इसके साथ ही उन्होंने विश्व पुस्तक दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए छात्रों को डिजिटल युग में भी पुस्तकों से जुड़ने और गहन अध्ययन करने के लिए प्रेरित किया।
BETUL NEWS- स्लूज गेट निर्माण में विलंब पर कलेक्टर बोले ठेकेदार काम नही कर रहा तो ब्लेक लिस्टेड करें
वृत्तचित्र का किया प्रदर्शन
कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण और विश्व की महान साहित्यिक कृतियों पर आधारित एक विशेष वृत्तचित्र फिल्म दिखाई गई। वृत्तचित्र के माध्यम से विद्यार्थियों को जलवायु परिवर्तन के खतरों और पुस्तकों के इतिहास के बारे में जीवंत जानकारी मिली, जिसे छात्र-छात्राओं ने अत्यंत उत्साहपूर्वक देखा। कार्यक्रम में विद्यार्थियों के लिए निबंध और पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया जिसमे विद्यार्थियों ने उत्साह पूर्वक सहभागिता की | कार्यक्रम का सफल मंच संचालन एवं आभार प्रदर्शन डॉ. पंकज कुमार झाड़े द्वारा किया गया। उन्होंने अपने संबोधन में कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की और सभी उपस्थित प्राध्यापकों एवं विद्यार्थियों का धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर महाविद्यालय का समस्त शैक्षणिक स्टाफ एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

