विद्यार्थियों को करियर व विषय चयन के दिए गए टिप्स
Betul Ki Taja Khabar/मुलताई। शासकीय महाविद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए स्नातक एवं स्नातकोत्तर प्रथम वर्ष की ई-प्रवेश प्रक्रिया एवं काउंसिलिंग का विधिवत शुभारंभ हो गया है। प्रवेश प्रक्रिया के दौरान विद्यार्थियों को सही मार्गदर्शन देने के लिए महाविद्यालय का करियर मार्गदर्शन प्रकोष्ठ सक्रिय भूमिका निभा रहा है। कैरियर मार्गदर्शन प्रकोष्ठ के प्रभारी डॉ. पंकज कुमार झाड़े ने प्रवेश लेने आए छात्र-छात्राओं को विषय चयन और नई शिक्षा नीति के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नई शिक्षा नीति के तहत विद्यार्थियों को अब विषयों के चयन में अधिक लचीलापन मिल रहा है, जिससे वे अपनी रुचि और करियर के अनुसार बेहतर विकल्प चुन सकते हैं। डॉ. झाड़े ने विद्यार्थियों को मेजर, माइनर और मल्टी-डिसिप्लिनरी कोर्स के बारे में समझाते हुए कहा कि सही संयोजन भविष्य में शैक्षणिक और व्यावसायिक रूप से लाभकारी साबित होगा। साथ ही उन्होंने रोजगारमूलक पाठ्यक्रमों को अपनाने पर जोर देते हुए विद्यार्थियों को ऐसे विषय चुनने की सलाह दी, जो सीधे रोजगार से जुड़े हों। काउंसिलिंग के दौरान विद्यार्थियों को शासन की विभिन्न योजनाओं जैसे छात्रवृत्ति, गाँव की बेटी योजना और प्रतिभा किरण योजना की जानकारी भी दी जा रही है, ताकि अधिक से अधिक छात्र-छात्राएं इनका लाभ उठा सकें।
Read Also: गंगोत्री से गंगासागर तक भाजपा का परचम, कार्यकर्ताओं ने मनाया जश्न
महाविद्यालय प्रशासन के अनुसार ई-प्रवेश के तहत ऑनलाइन पंजीयन और चॉइस फिलिंग की प्रक्रिया जारी है। हेल्प डेस्क के माध्यम से विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले विद्यार्थियों को तकनीकी सहायता प्रदान की जा रही है। वहीं ‘कॉलेज चलो अभियान’ के नोडल डॉ. सिद्धार्थ पंडोल ने बताया कि घर-घर संपर्क अभियान, ग्राम पंचायतों और विद्यालयों के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक ड्रॉपआउट एवं नए विद्यार्थी प्रवेश ले सकें। उन्होंने कहा कि ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के विद्यार्थियों को पंजीयन और मार्गदर्शन में प्राथमिकता दी जाएगी। महाविद्यालय का हेल्प सेंटर सप्ताह के सातों दिन खुला रहेगा, जहां विद्यार्थी उपस्थित होकर अपनी प्रवेश संबंधी समस्याओं का समाधान प्राप्त कर सकते हैं।

