नरवाई जलाने से क्षेत्र में लगातार बढ़ रही आगजनी की घटनाएं
Betul Ki Taja Khabar/मुलताई। क्षेत्र में नरवाई जलाने के कारण लगातार आगजनी की घटनाएं सामने आ रही हैं। खेतों में लगाई जा रही आग अब आसपास की फसलों और मकानों के लिए भी खतरा बनती जा रही है। कई स्थानों पर नरवाई की आग फैलने से खेतों के साथ मकान भी इसकी चपेट में आ चुके हैं। सोमवार सुबह लगभग 11:40 बजे ग्राम देवभिलाई में पड़ोसी खेत की नरवाई से फैली आग ने घनश्याम धाकड़ एवं रवि बरोदे के खेत में लगी करीब 4 एकड़ गन्नाबाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया। आग तेजी से फैलने के कारण खेत में खड़ी फसल को भारी नुकसान पहुंचा। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची। फायर ड्राइवर धनराज पवार तथा फायरमैन गिरीश पिपले और सुमित पुरी ने मशक्कत कर आग पर काबू पाया। समय रहते आग बुझाए जाने से आसपास के अन्य खेतों में आग फैलने से बचाव हो सका। ग्रामीणों ने प्रशासन से नरवाई जलाने वालों पर सख्ती बरतने और जागरूकता अभियान चलाने की मांग की है, ताकि इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।
Read Also: मुलताई में आज विशाल स्वास्थ्य शिविर, नागरिकों को मिलेगी निशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं

