Betul Crime News: बैतूल नागपुर हाईवे पर पान की दुकान चलाने वाले युवक का अपहरण कर मारपीट करने का मामला सामने आया है। दो दिन बाद भी उसके शरीर से पिटाई के निशान नहीं मिट पाए हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। हालांकि अभी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। मामला साईखेड़ा थाना क्षेत्र का है। टीआई मुकेश ठाकुर ने बताया कि शिकायतकर्ता सेवकराम पिता झनक गोहे (27) ग्राम उभरिया का निवासी है। उसने शिकायत की कि वह आरटीओ बैरियर के पास पान का ठेला लगाता है। गुरुवार 27 जून को वह अपनी दुकान पर था, तभी दोपहर करीब 3 बजे रोहित ढोलेकर और रवि ढोलेकर इनोवा कार से उसकी दुकान पर पहुंचे और उसे अपने साथ चलने को कहा। जान-पहचान होने के कारण वह उनके साथ चला गया। दोनों उसे शिव ढाबे पर ले गए। वहां प्रकाश सिकरवार और 3-4 अन्य लोग भी थे। जैसे ही वह कार से उतरा, सभी ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। बेल्ट, प्लास्टिक पाइप, बांस और डंडे से उसकी जमकर पिटाई की गई। मारपीट के बाद उसे गुरु कृपा ढाबे पर ले जाकर एक कमरे में बंद कर दिया। जहां से वह किसी तरह भाग निकला।
पुलिस ने आज युवक की शिकायत पर रोहित, रवि, प्रकाश व अन्य के खिलाफ मारपीट व बंधक बनाने का मामला दर्ज किया है। आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है। बताया जा रहा है कि इस मारपीट से पहले ढाबे पर खाने के पैसे न देने को लेकर विवाद हुआ था। आरोपियों को शक था कि इसमें सेवक राम भी शामिल था।