Betul News: कलेक्टर ने 29 जून को सुबह 10 बजे संयुक्त कलेक्ट्रेट का औचक निरीक्षण किया था। इस दौरान 103 अधिकारी-कर्मचारी कार्यालय से नदारद मिले। इससे नाराज कलेक्टर ने एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए हैं। बताया जा रहा है कि कलेक्टर सूर्यवंशी ने कल यानी शुक्रवार को सुबह 7.30 बजे सभी विभाग प्रमुखों को एक ग्रुप पर मैसेज भेजकर समय पर कार्यालय पहुंचने के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद कई अधिकारी ऐसे थे जो अपना व्हाट्सएप खोलकर मैसेज भी नहीं पढ़ पाए। इसके बाद नाराज कलेक्टर सूर्यवंशी ने सुबह 10 बजे कार्यालय पहुंचते ही सबसे पहले संयुक्त कलेक्ट्रेट भवन में कार्यालयों का निरीक्षण करना शुरू कर दिया, जिससे यहां हड़कंप मच गया। कलेक्टर एक के बाद एक कार्यालय पहुंचे और सभी की उपस्थिति पंजिका जब्त कर ली। इसके बाद वे जिला पंचायत कार्यालय पहुंचे। यहां भी कुछ ही कर्मचारी मौजूद थे। इस पर भी उन्होंने नाराजगी जताते हुए सभी का एक दिन का वेतन काटने का आदेश जारी कर दिया। कलेक्टर यहां से रवाना हुए और आदिवासी विकास, पेंशन कार्यालय, रजिस्ट्रार कार्यालय का निरीक्षण किया। यहां भी उन्होंने अधिकांश कर्मचारियों के अनुपस्थित मिलने पर नाराजगी जताई और सभी का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए। यह पहली बार है कि एक ही दिन में 103 कर्मचारियों का वेतन काटा गया है। कलेक्टर सूर्यवंशी ने बताया कि कार्यालय का समय सुबह 10 से शाम 6 बजे तक है। हालांकि, कर्मचारी देरी से कार्यालय पहुंच रहे हैं। इसके चलते कलेक्टर सूर्यवंशी ने औचक निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि औचक निरीक्षण आगे भी जारी रहेंगे।
Betul News: कलेक्टर ने दिये 103 कर्मचारियों का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश
Published on:
