बिरुल बाजार में 37 लाख से हो रहा था बस स्टैंड सीमेंटीकरण का कार्य
BETUL NEWS/मुलताई। ग्रामीण यांत्रिकी विभाग द्वारा बिरुल बाजार में बस स्टैंड पर सीमेंट कंक्रीट का कार्य किया जा रहा है। कार्य गुणवत्ता पूर्ण नहीं होने से ग्रामीणों द्वारा निर्माण कार्य रुकवा दिया गया। लगभग 37 लाख की लागत से किए जा रहे उक्त कार्य में जनप्रतिनिधियों सहित ग्रामीणों द्वारा घटिया निर्माण का आरोप लगाया गया है। पंच भाजपा नेता विजय बनकर ने बताया कि दो माह से बस स्टेंड को ठेकेदार ने खोद कर रखा गया जिससे ग्रामीण एवं यात्री परेशानी झेल रहे थे। बार बार कहने के बावजूद खुदाई के बाद निर्माण कार्य चालू नहीं किया जा रहा था जिससे दुर्घटनाएं भी हो रही थी। आरईएस विभाग द्वारा गुरुवार कार्य चालू तो किया गया लेकिन निर्माण सामग्री के गुणवत्तापूर्ण नहीं होने तथा स्टीमेट के अनुसार कार्य नहीं होने से निर्माण कार्य रुकवा दिया गया।
Betul Ki Khabar: पर्यावरण संरक्षण के लिए हम सभी को जागरूक होना जरूरी
लापरवाही पूर्वक किया जा रहा था कार्य
ग्रामीणों ने बताया कि निर्माण कार्य में घटिया सीमेंट का उपयोग किया जा रहा था। लोहा भी स्टीमेट के अनुसार नहीं होकर सूखी गिट्टी डाली जा रही थी । ग्राम पंचायत सरपंच जीवन बनकर , भाजपा नेता प्रदीप महाजन , रमेश गवहाड़ें , विजय बनकर , राजेश पाटिल , रजनीश लगवे, रामराव , लोकनाथ वाडबुदे सहित अन्य ग्रामीणों ने बताया कि घटिया निर्माण कार्य को रूकवाया और ग्रामीण यांत्रिकी विभाग के ई ई को शिकायत की गई । शिकायत पर संबंधित अधिकारी ने मौके पर पहुंचकर मटेरियल का सैंपल लेकर ठेकेदार को गुणवत्ता पूर्ण कार्य करने का कहा गया। साथ ही चेतावनी भी दी गई कि यदि शिकायत मिलती है तो विभाग द्वारा कार्रवाई की जाएगी।

