Betul Samachar: तीन भूगर्भीय झटकों से दहला मुलताई, खरसाली में भी नजर आया प्रभाव

By betultalk.com

Published on:

Follow Us
                                                          लगातार हो रही जमीनी हलचल से लोगों में भय व्याप्त

Betul Samachar/मुलताई। नगर सहित समीपस्थ ग्राम खरसाली में शनिवार रात लगभग 9.20 बजे एक के बाद एक तीन भूगर्भीय झटके महसूस किए गए जिससे नगर में हड़कंप मच गया। तेज आवाज के साथ आए इन झटकों से नगर में लोग घबराकर बाहर आ गए और फोन पर एक दूसरे को सूचना देने लगे। शारदा नगर निवासी विजय मालवीय ने बताया कि वे घर में थे इसी समय तेज आवाज के साथ उनका मकान कांप उठा जिससे वे भयभीत होकर बाहर निकल गए तो देखा कि अन्य लोग भी बाहर निकल गए हैं। नागपुर रोड निवासी जय किशन चंदेल ने बताया कि पहला झटका तीव्र था जिसके बाद दो झटके और महसूस किए जिससे नागपुर रोड पर हड़कंप मच गया। जय स्तंभ चौक से गांधी चौक रोड निवासी किराना व्यापारी नारायण राजू जैन ने बताया कि झटका तेज था जिससे उनका पूरा घर हिल गया तथा परिवार भयभीत हो गया। झटकों के कारण उक्त मार्ग के रहवासी घरों के बाहर आ गए। नगेन्द्र साहू ने बताया कि लगातार झटके महसूस किए गए।

पूर्व नपाध्यक्ष ने अधिकारियों को दी सूचना

बैतूल रोड निवासी पूर्व नपा अध्यक्ष वर्षा गढ़ेकर ने बताया कि एक धमाके के साथ उनका घर हिला और खिड़की का शीशा क्रैक हो गया। उन्होंने तत्काल इसकी जानकारी कलेक्टर और एसडीएम को दी। उन्होंने अधिकारियों को बताया कि मुलताई में विगत कुछ समय से लगातार भूगर्भीय हलचल हो रही है जिससे भविष्य में बड़ा भूकंप आ सकता है। उन्होंने कहा कि इसका पता लगाना आवश्यक है कि आखिर क्या कारण है कि मुलताई नगर एवं आसपास ही इसका केंद्र बन रहा है। उन्होंने कहा कि लगातार भूगर्भीय हलचल से लोगों में भय बढ़ रहा है इसलिए संबंधित विभाग द्वारा जांच की जाना आवश्यक है।

Betul Ki Khabar: धार पंचायत के हरिमऊ गांव में भीषण पानी की समस्या से जूझ रहे ग्रामीण

एक के बाद एक लगातार झटके

मुलताई में विगत कुछ समय से लगातार भूगर्भीय हलचल देखी जा रही है। कुछ ही समय में जहां कई बार झटके आ चुके हैं वहीं शनिवार रात एक के बाद एक तीन झटकों ने लोगों को भयभीत कर दिया है। लगातार हो रही घटनाओं से अब लोग शासन प्रशासन से इसके कारणों का पता लगाने की मांग कर रहे हैं। वहीं कई लोग इसे भविष्य में होने वाली बड़ी घटना का संकेत मान रहे हैं। लगातार बज रही खतरे की इस घंटी से पूरे नगर में हड़कंप मच गया है। तिलक वार्ड पार्षद अजय यादव ने बताया कि पहले झटके सिर्फ मुलताई में महसूस किए जा रहे थे लेकिन अब ग्राम खरसाली में भी ग्रामीणों ने झटके महसूस किए हैं। ग्रामीण गणेश ने बताया कि उनके घर के खिड़की दरवाजे तक हिल गए जिससे लोग घरों से बाहर आ गए।

क्या कहते हैं अधिकारी

भूगर्भीय हलचल को लेकर एसडीएम राजीव कहार ने बताया कि उन्हें सूचना मिलते ही तत्काल कलेक्टर को अवगत करा दिया गया है। इसके साथ ही खनिज विभाग को भी इसकी रिपोर्ट दे दी गई है ताकि वे इसकी जांच कर सके। बार बार लग रहे झटकों के संबंध में उन्होंने बताया कि ऐसा होता है कि किसी क्षेत्र में भूगर्भीय हलचल सक्रिय हो जाती है। एसडीएम कहार ने बताया कि फिलहाल वे आधिकारिक रूप से भूकंप की पुष्टि नहीं कर सकते क्योंकि संबंधित विभाग की रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।

Leave a Comment