ठेकेदार ने अधिकारियों पर काम चालू नहीं करने देने का लगाया आरोप, लिखा सीएमओ को पत्र
Betul Ki Khabar/मुलताई। नगर में ताप्ती सरोवर में स्लूज गेट का निर्माण धीरे धीरे खटाई में पड़ता नजर आ रहा है। पहले जहां नपा के अधिकारी टेंडर के बावजूद ठेकेदार द्वारा काम नहीं करने का आरोप ठेकेदार पर लगा रहे थे वहीं अब इसके ठीक विपरीत ठेकेदार द्वारा अधिकारियों पर काम नहीं करने देने का आरोप लगाया गया है। ठेकेदार के अनुसार काम शुरू करने के लिए उसके द्वारा बाहर से मशीन बुलाई गई जो दो दिनों तक खड़ी रही लेकिन उन्हें काम प्रारंभ नहीं करने दिया गया। पूरे मामले में अधिकारियों और ठेकेदार के बीच समन्वय नहीं बनने का खामियाजा इस वर्ष भी श्रृद्धालुओं को बारिश में भोगना होगा जिससे ताप्ती मंदिर में पानी भरने से पूजन प्रभावित होगा वहीं मंदिर और अधिक जर्जर हो सकता है। फिलहाल नपा उपयंत्री महेश शर्मा तो स्लूज गेट का कार्य एक दो दिनों में प्रारंभ करने की बात कर रहे हैं लेकिन टेंडर के लंबे अरसे बाद भी काम शुरू नहीं होना कई सवाल खड़े कर रहा है।
ठेकेदार ने मांगा मशीन लाने ले जाने का भाड़ा
टेंडर होने के लगभग ढाई माह बाद जब स्लूज गेट निर्माण के लिए ठेकेदार द्वारा निर्माण स्थल पर मशीन लाई गई तो सीएमओ द्वारा कार्य करने से मना कर दिया गया। ठेकेदार के अनुसार स्लूज गेट का कार्य पानी में करना होगा इसलिए समय सीमा में करना होगा। ठेकेदार द्वारा बाहर से मशीन लाकर दो दिन खड़े करने सहित ले जाने के भाड़े की मांग सीएमओ को पत्र लिखकर की गई है। इसके साथ ही ठेकेदार द्वारा अमानत राशि की भी मांग की गई है।
उपयंत्री बोले शीघ्र होगा निर्माण कार्य प्रारंभ
पूरे मामले में उपयंत्री महेश शर्मा का कहना है कि ठेकेदार से पुनः बात हुई है इसलिए दो दिनों में कार्य शुरू हो सकता है। उन्होंने बताया कि बारिश प्रारंभ होने के पूर्व कार्य कराना आवश्यक है। उपयंत्री के अनुसार स्लूज गेट निर्माण में कुछ लोगों द्वारा गौ मुख को लेकर एसडीएम एवं कलेक्टर से शिकायत की गई थी जिसके कारण निर्माण में विलंब हो रहा है। उन्होंने बताया कि शिकायत को लेकर संबंधित अधिकारियों को जवाब दिया जा रहा है।
Betul Samachar: अमृत सरोवर निर्माण पर उठे सवालों के बीच विभाग का जवाब, शिकायत को बताया भ्रामक
बारिश होते ही एक वर्ष के लिए रुक जाएगा कार्य
स्लूज गेट का कार्य इसलिए शीघ्र होना आवश्यक है क्योंकि निर्माण कार्य पानी के अंदर किया जाना है । वर्तमान में सरोवर का जल स्तर भीषण गर्मी के कारण कम है जिससे निर्माण कार्य आसानी से हो सकता है। बारिश होते ही सरोवर का जल स्तर बढ़ने लगेगा जिससे स्लूज गेट के निर्माण में व्यवधान उत्पन्न हो सकता है साथ ही कार्य रुक भी सकता है। इसलिए निर्माण के लिए अभी परिस्थितियां अनुकूल है इसलिए कार्य प्रारंभ होना आवश्यक है।

